नई दिल्ली/ दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के जिले गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बदमाशों ने जिस पत्रकार को गोली मारी थी उसकी नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। विक्रम के सिर पर गोली लगी थी और उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
इस मामले में अब तक 09 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक विक्रम जोशी प्रताप विहार इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह एक निजी चैनल से जुड़े हैं। बताया गया है कि 4 दिन पूर्व क्षेत्र के कुछ दबंग लोगों ने उनकी भांजी के साथ छेड़छाड़ की थी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने विक्रम जोशी और उनके परिजनों के साथ मारपीट की।
इस मामले की शिकायत विजय नगर थाने में दर्ज कराई गई। आरोप है कि विजय नगर पुलिस ना तो आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी और ना ही उनके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई की गई। विक्रम के भाई का आरोप है कि इसी कारण स्कूटी सवार आरोपियों ने उनके भाई को गोली मार दी।
पुलिसिया कार्रवाई की भी होगी जांच
एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पीड़ित परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में पुलिस ने क्या कार्रवाई की इसकी भी जांच कराई जा रही है। जल्द ही सभी बदमाशों को पकड़ कर घटना का खुलासा किया जाएगा।